देहरादून। समाजवादी पार्टी के उत्तराखंड प्रभारी हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी के प्रदेश कार्यालय परेड ग्राउंड पहुंचने पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
सिद्दीकी ने कहा कि समाजवादी पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की कार्रवाई पर विशेष ध्यान देने और लोगों को मताधिकार के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ क्षेत्रों में झूठी आपत्तियां लगाकर लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ऐसे मामलों की जानकारी जुटाकर जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने कहा कि जनता केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों से परेशान है और बदलाव चाहती है। बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर उन्होंने सरकारों पर निशाना साधा। उनका कहना था कि किसान फसल के उचित मूल्य और खाद की समस्याओं से जूझ रहे हैं, जबकि छात्र पेपर लीक और परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं से परेशान हैं।
सिद्दीकी ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भाजपा को जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया।
बैठक के अंत में हरिद्वार से सैफई (इटावा) तक पैदल पीडीए कांवड़ ले जाने वाली सुमन देवी को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष महंत शुभम गिरी, आभा बर्थवाल, आरके पाठक, अतुल शर्मा, संदीप नेगी, महिपाल यादव, आरिफ वारसी, अतुल यादव, हेमा बोरा, नासिर मंसूरी, रघुवीर मेहता समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


