हल्द्वानी में प्रमाण पत्रों में हेरफेर का एक और मामला सामने आया है, जिससे प्रशासनिक सतर्कता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। इस बार स्थायी निवास प्रमाण पत्र के लिए दिए गए दस्तावेज में आय संबंधी जानकारी में फर्जी तरीके से बदलाव करने की कोशिश की गई, जिसे समय रहते पकड़ लिया गया।
जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 11 के पार्षद रवि जोशी ने बद्रीपुरा निवासी संजय आर्या के स्थायी निवास प्रमाण पत्र के लिए वर्तमान पते के सत्यापन हेतु पत्र जारी किया था। आरोप है कि इस पत्र में संजय आर्या ने ओवरराइटिंग कर अपनी मासिक आय मात्र 4 हजार रुपये दर्ज कर दी, जबकि पार्षद की ओर से ऐसी कोई जानकारी प्रमाणित नहीं की गई थी।
दस्तावेज की जांच के दौरान पटवारी को गड़बड़ी का संदेह हुआ। जब इस संबंध में पार्षद से पुष्टि की गई तो उन्होंने आय संबंधी किसी भी उल्लेख से इनकार कर दिया। इसके बाद मामला फर्जीवाड़े का साबित हुआ।
घटना सामने आने के बाद यह मामला उच्चाधिकारियों के पास पहुंच गया है। अधिकारियों ने इस मामले में पुलिस से कार्रवाई की बात कही है।साथ ही इस मामले में संबंधित सीएससी सेंटर संचालक की भूमिका की भी जांच कराने की बात कही गई है। फिलहाल मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और पुलिस से जल्द कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है। इधर पार्षद रवि जोशी का कहना है कि वह पूर्व में भी जिलाधिकारी से फर्जी प्रमाण पत्रों की जांच की मांग कर चुके हैं।


