उत्तराखंड में एक गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां मां पूर्णागिरि के दर्शन करने आई एक नाबालिग किशोरी ने अस्पताल में एक अविकसित शिशु को जन्म दिया। यह घटना सोमवार देर रात से मंगलवार सुबह के बीच की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए जीरो एफआईआर दर्ज कर जांच को संबंधित राज्य के थाने को भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले की 15 वर्षीय किशोरी अपने परिजनों के साथ मां पूर्णागिरि धाम के दर्शन के लिए आई थी। लौटते समय उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उसे टनकपुर उपजिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे।
अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में किशोरी ने करीब छह महीने के अविकसित शिशु को जन्म दिया, लेकिन जन्म के कुछ ही समय बाद नवजात की मृत्यु हो गई। चिकित्सकों ने स्थिति को गंभीर मानते हुए आवश्यक मेडिकल प्रक्रिया पूरी की और डीएनए जांच के लिए सैंपल सुरक्षित कर लिए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामले को आगे की जांच के लिए पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) के संबंधित थाने को भेज दिया है। टनकपुर पुलिस के अनुसार, पूरे मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


