उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार सुबह उत्तरकाशी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया। गंगोत्री धाम के दर्शन के लिए जा रही कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिरते हुए नदी में समा गई। हादसे में अब तक पांच लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि अन्य लापता लोगों की तलाश में सर्च अभियान जारी है। एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, वाहन में गुजरात के छह यात्री और एक चालक समेत कुल सात लोग सवार थे। वाहन गुरुवार सुबह हिना के समीप से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुआ था। गंगनानी बाजार से आगे डबरानी की ओर बढ़ते समय अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और देखते ही देखते सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। इसके बाद वाहन नदी में समा गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन सेवा की टीमें मौके के लिए रवाना हो गईं। राहत एवं बचाव दल ने घटनास्थल पर पहुंचकर नदी किनारे सर्च अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान नदी किनारे चार शव बरामद किए गए, जबकि बाद में पांचवें शव की भी बरामदगी की सूचना मिली।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें नदी किनारे तथा आसपास के क्षेत्रों में लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं। हादसे ने गंगोत्री धाम की यात्रा पर निकले लोगों के सफर को दर्दनाक त्रासदी में बदल दिया।



