उत्तराखंड में इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के एसपी सीपी नौटियाल को उनके ही चालक ने गोली मारकर घायल कर दिया। घटना हरिद्वार जिले में हुई, जहां किसी बात को लेकर एसपी और उनके चालक विनोद नेगी के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर चालक ने उन पर गोली चला दी।
गोली लगने से घायल सीपी नौटियाल को तत्काल हरिद्वार के बंगाली अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी स्थिति सामान्य है और वह खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। बेहतर उपचार और विस्तृत चिकित्सकीय जांच के लिए उन्हें एम्स रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल एसपी और चालक के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था और गोली चलाने के पीछे क्या वजह रही, इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।



