हल्द्वानी। कुमाऊं परिक्षेत्र के छह जिलों में अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस ने वर्ष 2026 में व्यापक कार्रवाई की है। अब तक 2,516 वारंटियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एनडीपीएस एक्ट के तहत 554 मुकदमे दर्ज कर 726 आरोपियों को जेल भेजा गया है। पुलिस ने इस दौरान 34.61 करोड़ रुपये से अधिक कीमत के मादक पदार्थ भी बरामद किए हैं।
शनिवार को पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र निवेदिता कुकरेती ने कैम्प कार्यालय में मासिक अपराध गोष्ठी कर सभी जिलों की कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों का जल्द निस्तारण करने, नशा तस्करों के नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई करने और आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
वारंटियों की गिरफ्तारी में ऊधमसिंह नगर जिला सबसे आगे रहा, जहां 1,583 लोगों को गिरफ्तार किया गया। नैनीताल में 537, पिथौरागढ़ में 206, चम्पावत में 89, अल्मोड़ा में 65 और बागेश्वर में 36 वारंटियों की गिरफ्तारी हुई। नशे के खिलाफ अभियान में 67.59 किलोग्राम चरस, 9.652 किलोग्राम स्मैक, 1,239.747 किलोग्राम गांजा, 61,513 नशीली गोलियां और कैप्सूल, 2,455 इंजेक्शन, 71 नशीले सिरप तथा 0.232 किलोग्राम एमडीएमए बरामद किया गया। आईजी ने तस्करी से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में विधानसभा निर्वाचन-2027 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मतदान केंद्रों का भौतिक निरीक्षण, संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्रों की पहचान तथा चुनाव प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। शस्त्र लाइसेंस धारकों के हथियार समय से जमा कराने को भी कहा गया।
आईजी ने साइबर अपराधों में पीड़ितों को तत्काल राहत दिलाने, ठगी की रकम समय रहते फ्रीज कराने और वापस दिलाने के प्रयास तेज करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, ई-साक्ष्य, जीरो एफआईआर और ई-समन के अधिकाधिक इस्तेमाल तथा समय पर आरोप पत्र दाखिल करने पर जोर दिया। शीतकालीन मौसम और विवाह समारोहों को देखते हुए रात्रि गश्त, पेट्रोलिंग और यातायात व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गोष्ठी में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी, एसएसपी ऊधमसिंह नगर अजय गणपति, एसएसपी अल्मोड़ा चन्द्रशेखर घोडके, एसपी पिथौरागढ़ अक्षय प्रहलाद कोंडे, एसपी चम्पावत रेखा यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



