हल्द्वानी की गौला बाईपास रोड पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। इंदिरा नगर रेलवे फाटक के सामने शनि बाजार रोड की ओर मुड़ रहे बाइक सवार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक बाइक से उछलकर दूर सड़क पर जा गिरा। गंभीर चोटें लगने के कारण उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे बाइक संख्या UK 06 BK 0927 गौला बाईपास से शनि बाजार रोड की ओर मुड़ रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही स्कॉर्पियो ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक बुरी तरह घायल हो गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि युवक के पैर का पंजा तक शरीर से अलग हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना पर बनभूलपुरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद युवक को मृत पाया। इसके बाद शव को एंबुलेंस से भिजवाया गया। तलाशी के दौरान युवक के पास से नकदी और अन्य जरूरी सामान भी मिला। पुलिस ने मृतक की पहचान प्रदीप हलदार पुत्र अनंत हलदार, निवासी गोविंदनगर, शक्तिफार्म, जिला ऊधम सिंह नगर के रूप में की है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।



