हल्द्वानी: वीकेंड पर कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने यातायात डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था 28 और 29 नवंबर को लागू रहेगी। पुलिस ने जाम से बचने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए भारी वाहनों पर प्रतिबंध लगाने के साथ ही बसों एवं चौपहिया वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं।
पुलिस के अनुसार दोनों दिन सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को जनपद की सीमा पर ही रोक दिया जाएगा। वहीं, सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक बसों एवं चौपहिया वाहनों के लिए डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी।
डायवर्जन प्लान के तहत अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन लमगड़ा, धनाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। जबकि हल्द्वानी, काठगोदाम और मैदानी क्षेत्रों से इन पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन खुटानी बैंड, भीमताल, धारी और धनाचूली बैंड के रास्ते भेजे जाएंगे। काठगोदाम से रानीखेत जाने वाले वाहनों को खुटानी बैंड से मुक्तेश्वर और रामगढ़ मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों के निजी वाहनों के लिए भी पार्किंग और शटल सेवा की व्यवस्था की गई है। भीमताल की ओर से आने वाले पर्यटकों को अपने वाहन विकास भवन पार्किंग, भीमताल में खड़े करने होंगे। यहां से स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से भवाली और कैंची धाम मंदिर तक पहुंच सकेंगे। वहीं, ज्योलीकोट, गेठिया और नैनीताल मार्ग से आने वाले पर्यटकों को अपने वाहन भवाली स्थित सैनेटोरियम पार्किंग में खड़े करने होंगे। यहां से भी मंदिर तक शटल सेवा उपलब्ध रहेगी।
इसके अलावा भीमताल, नैनीताल और ज्योलीकोट की ओर से खैरना, गरमपानी और बेतालघाट जाने वाले स्थानीय वाहन दूनीखाल-रातीघाट मोटर मार्ग से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। भीमताल से अल्मोड़ा, रानीखेत और कैंची धाम जाने वाले वाहनों को नैनी बैंड प्रथम से सैनेटोरियम बाईपास मोटर मार्ग और शिप्रा पुल भवाली होते हुए भेजा जाएगा।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवकाश के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी, दोपहिया वाहन और पीली नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नैनीताल पुलिस ने आमजन और पर्यटकों से निर्धारित डायवर्जन, पार्किंग एवं शटल व्यवस्था का पालन करने की अपील की है, ताकि अनावश्यक जाम से बचा जा सके और सभी की यात्रा सुरक्षित एवं सुगम बनी रहे।



