हल्द्वानी: विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के बीच नैनीताल जिले में मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है। इसके तहत जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया, ईवीएम के संचालन और वीवीपैट के माध्यम से अपने मत की पुष्टि करने की जानकारी दी जा रही है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुसार ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) पूरी होने के बाद जागरूकता कार्यक्रमों के लिए 75 बैलेट यूनिट, 75 कंट्रोल यूनिट और 75 वीवीपैट मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। यह प्रक्रिया मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में की गई है।
मतदाताओं को मशीनों की कार्यप्रणाली समझाने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी और रिटर्निंग अधिकारियों के कार्यालयों में ईवीएम डेमोस्ट्रेशन सेंटर स्थापित किए गए हैं। यहां पहुंचकर आम नागरिक ईवीएम का संचालन समझने के साथ ही मतदान प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में मोबाइल डेमोस्ट्रेशन वैन तैनात की गई हैं, जो विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को ईवीएम और वीवीपैट के बारे में जागरूक करेंगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में 18 नवंबर से यह जागरूकता अभियान शुरू हो चुका है। अभियान के माध्यम से मतदाताओं की शंकाओं का समाधान करने के साथ मतदान प्रक्रिया को लेकर उनकी समझ विकसित की जा रही है। उन्होंने सभी मतदाताओं से जागरूकता कार्यक्रमों में भाग लेने और ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली को समझने की अपील की। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित निर्वाचन के लिए मतदाता जागरूकता बेहद जरूरी है। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक आगामी विधानसभा चुनाव में अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करे।



