उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में देर रात पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। बसंत विहार क्षेत्र के हरबंसवाला बैरियर पर चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की एक्टिवा सवार युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया तो आरोपी ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घायल आरोपी की पहचान आकाश उर्फ तमंचा (27) पुत्र जगदीश लाल, निवासी शिवाजी एन्क्लेव, जैन प्लॉट, थाना रायपुर, देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आकाश 14 अगस्त को बसंत विहार क्षेत्र में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला से हुई चेन स्नेचिंग का आरोपी है।
पुलिस के मुताबिक, हरबंसवाला बैरियर पर देर रात वाहनों की चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक्टिवा को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक टी-स्टेट की ओर भाग निकला। पुलिस ने पीछा किया तो उसने टीम पर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को प्रेमनगर चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की नीली एक्टिवा बरामद की। प्रारंभिक जांच में एक्टिवा के कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी होने की बात सामने आई है। पुलिस ने 14 अगस्त को बुजुर्ग महिला से छीनी गई चेन भी बरामद कर ली है।
घटनास्थल पर एफएसएल टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि आकाश उर्फ तमंचा शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड के साथ उसके नेटवर्क और अन्य वारदातों में संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है।


