उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रही बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं, जबकि नदी-नाले भी उफान पर हैं। मौसम के बिगड़ते हालात को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है और संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है।
मौसम विज्ञान विभाग ने प्रदेश में अगले कुछ दिनों के लिए बारिश और गरज-चमक का पूर्वानुमान जारी किया है। कई इलाकों में तेज बारिश होने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।
बारिश की आशंका को देखते हुए देहरादून, बागेश्वर और नैनीताल जिलों में 31 अगस्त को स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है। संबंधित जिलाधिकारियों ने कक्षा 1 से 12 तक के शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। आंगनबाड़ी केंद्र भी इस दौरान बंद रहेंगे।
लगातार बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। वहीं नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से मैदानी क्षेत्रों में भी खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से मौसम खराब होने पर अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों के आसपास न जाने की अपील की है। आपदा प्रबंधन तंत्र को भी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रखा गया है।


