उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके मद्देनज़र 28 जनवरी को राज्य के कई जिलों में आंगनबाड़ी केंद्रों और कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
जिन जिलों में अवकाश का आदेश जारी किया गया है, उनमें पिथौरागढ़, उधम सिंह नगर, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग, टिहरी, उत्तरकाशी, पौड़ी और चमोली शामिल हैं। प्रशासन ने सभी शासकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों को आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
आदेश में बताया गया है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार को कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ-साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। वहीं, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी आशंका जताई गई है।
मौसम की खराब स्थिति को देखते हुए स्कूल जाने वाले छात्रों, विशेषकर छोटे बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए 28 जनवरी को कक्षा 12वीं तक के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।
हालांकि, कक्षा 10वीं और 12वीं के वे छात्र जो CBSE, ICSE, उत्तराखंड बोर्ड या अन्य मान्यता प्राप्त बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होने वाले हैं, उनके लिए अलग से दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।


