उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र ने 4 अप्रैल तक के लिए मौसम का अलर्ट जारी किया है। अलर्ट के अनुसार 31 मार्च को राज्य के पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है, जबकि 3300 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होगी। मैदानी जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ वर्षा हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार अप्रैल महीने की शुरुआत भी बारिश के साथ होगी। 1 अप्रैल को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ स्थानों पर हल्की से बहुत हल्की बारिश होगी, जबकि राज्य के बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।
2 अप्रैल को सभी पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और 3300 मीटर से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। मैदानी इलाके शुष्क बने रहेंगे।
3 अप्रैल को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। शेष पहाड़ी जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश और ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी जारी रहेगी। मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
4 अप्रैल को राज्य के सभी पहाड़ी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है, जबकि मैदानी जिलों में भी बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 2-3 दिनों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, जिससे बारिश का असर तापमान को नियंत्रित करेगा।


