उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। चुनाव में अभी समय है, लेकिन पार्टी नेतृत्व ने जिला स्तर पर तैयारियों को गति देने के साथ ही क्षेत्रवार राजनीतिक स्थिति का आकलन शुरू कर दिया है। इसी क्रम में रविवार को देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में राष्ट्रीय महासचिव संगठन बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में जिला प्रभारियों की बैठक हुई।
बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठन की सक्रियता और जिलों की राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी नेतृत्व ने जिला प्रभारियों से अपने-अपने क्षेत्रों का फीडबैक लेते हुए जनता से जुड़े मुद्दों, स्थानीय राजनीतिक समीकरणों और संगठन की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही उन्हें क्षेत्र में सक्रियता बढ़ाने और चुनावी तैयारियों को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों के क्रियान्वयन और स्थानीय समस्याओं को चुनावी एजेंडे में शामिल करने पर भी मंथन हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चुनाव नजदीक आने के साथ ही पार्टी संगठन के स्तर पर बैठकर रणनीति तैयार की जा रही है। भाजपा नियमित रूप से ऐसी बैठकें करती है, ताकि पार्टी के नेता और कार्यकर्ता सक्रिय बने रहें। बैठक से पहले भाजपा नेताओं ने जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित की।



