हल्द्वानी। आगामी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में गुरुवार को कैंप कार्यालय हल्द्वानी में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों और उनके अधिकृत बीएलए-2 प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में जनपद के सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भौतिक एवं वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के दिशा-निर्देशों और समय-सारणी की जानकारी देते हुए कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल करना है। साथ ही मृत, स्थानांतरित और डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम हटाकर सूची को शुद्ध और विश्वसनीय बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध मतदाता सूची बेहद आवश्यक है और इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA) की शत-प्रतिशत नियुक्ति सुनिश्चित करने और पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
बैठक में बताया गया कि जनपद नैनीताल के 1010 पोलिंग स्टेशनों के सापेक्ष भारतीय जनता पार्टी ने 1001 और इंडियन नेशनल कांग्रेस ने 793 बूथ लेवल एजेंट नियुक्त किए हैं।
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 29 मई से 7 जून तक प्रशिक्षण एवं तैयारियों का कार्य किया जाएगा। इसके बाद 8 जून से 7 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे।
14 जुलाई को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा, जबकि 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जाएंगी। 11 सितंबर तक सभी दावे-आपत्तियों का निस्तारण करने के बाद 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी ईआरओ और एईआरओ अधिकारियों को निर्देश दिए कि एसआईआर कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और निर्धारित समयावधि में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय, सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, एडीईओ एचडी पांडे सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


