उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के पर्वतीय और मैदानी इलाकों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को उत्तरकाशी, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, 2300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में मध्यम से भारी बर्फबारी हो सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। वहीं, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर सहित मैदानी जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं।
मौसम निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर ने बताया कि बदले मौसम के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।


