नैनीताल। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के संयुक्त निदेशक नितिन उपाध्याय ने सोमवार को जिला सूचना कार्यालय नैनीताल का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं, विभागीय पटलों तथा प्रचार-प्रसार से जुड़े कार्यों का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के उपरांत संयुक्त निदेशक ने जनपद के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया के पत्रकारों से मुलाकात कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने में मीडिया की भूमिका पर विस्तृत चर्चा की।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अनुरूप जिला सूचना कार्यालयों एवं आधुनिक मीडिया सेंटर की स्थापना की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है, जिससे पत्रकारों को समाचार संकलन एवं प्रसारण में बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।
संयुक्त निदेशक ने जिला सूचना अधिकारी को निर्देश दिए कि नैनीताल जिला मुख्यालय में मीडिया सेंटर की स्थापना हेतु भूमि चयन कर शीघ्र प्रस्ताव प्रेषित किया जाए। साथ ही हल्द्वानी मीडिया सेंटर से जुड़े कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए।
पत्रकारों द्वारा रखी गई विभिन्न मांगों पर उन्होंने सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि सरकार पत्रकारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। मान्यता प्राप्त पत्रकारों की चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ प्रदेश के बाहर अनुबंधित अस्पतालों की संख्या बढ़ाने की प्रक्रिया भी चल रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पॉलिसी शीघ्र लागू की जाएगी, जिसके लिए विभागीय स्तर पर कार्य तेजी से प्रगति पर है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुँचाने के लिए सूचना तंत्र को और अधिक सशक्त बनाया जाए। इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी नैनीताल गिरिजा शंकर जोशी, कार्यालय स्टाफ एवं विभिन्न मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


