उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के छह अधिकारियों के कार्यभार में बदलाव किया है। कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-1 की ओर से 17 नवंबर 2026 को इस संबंध में शासनादेश जारी किया गया है। आदेश के तहत अधिकारियों को वर्तमान पदभार से हटाकर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
शासनादेश के अनुसार, आईएएस अधिकारी नितेश कुमार झा के पास से पंचायती राज विभाग का प्रभार हटाया गया है। वहीं, एस. रविशंकर को सैनिक कल्याण विभाग का सचिव बनाया गया है। गुंजन किशोर पंत से सैनिक कल्याण विभाग का प्रभार वापस लिया गया है।
इसके अलावा उमेश नारायण पांडेय को पंचायती राज विभाग के सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह इससे पहले पुनर्गठन और भाषा विभाग के सचिव तथा उत्तराखंड सामाजिक अंकेक्षण, जवाबदेही एवं पारदर्शिता अभिकरण (USATAA) के निदेशक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
आईएएस विनीत कुमार को निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण, देहरादून के साथ प्रबंध निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण निगम की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं, आईएएस कुंज बिहारी सिंह से निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण, देहरादून और प्रबंध निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण निगम का प्रभार वापस लिया गया है।
शासनादेश में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने वर्तमान पदभार से कार्यमुक्त होकर नई तैनाती वाले पदों पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करें। साथ ही कार्यभार ग्रहण करने से संबंधित सूचना शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।



