उत्तराखंड के अल्मोड़ा दुग्ध संघ में प्रबंधन व्यवस्था को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। छह सदस्यों की पात्रता समाप्त होने के बाद नौ सदस्यीय प्रबंध समिति को भंग कर दिया गया है। समिति के अल्पमत में आने के चलते अब संघ का संचालन मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अल्मोड़ा के हाथों में रहेगा। दुग्ध सहकारी समितियों की निदेशक एवं निबंधक इला गिरि ने उन्हें प्रशासक नियुक्त करने का आदेश जारी किया है।
दरअसल, दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ की प्रबंध समिति में कुल नौ निर्वाचित सदस्य थे। जांच के दौरान छह सदस्य विभिन्न नियमों के तहत अपात्र पाए गए, जिसके बाद समिति में केवल तीन पात्र सदस्य बचे। अपात्र घोषित किए गए सदस्यों में नीमा देवी, ख्याली दत्त पंत, सुनीता देवी, ब्रह्मानंद डालाकोटी, मोहनी देवी और चंद्रशेखर जोशी शामिल हैं।
जांच में सदस्यों की पात्रता प्रभावित होने के अलग-अलग कारण सामने आए। इनमें प्राथमिक दुग्ध समितियों में प्रशासक नियुक्त होना, समितियों का कार्यकाल समाप्त होना और निर्धारित दुग्ध आपूर्ति के मानकों को पूरा नहीं करना शामिल है। इसके अलावा ब्रह्मानंद डालाकोटी की पत्नी के दुग्ध संघ में नियमित कर्मचारी होने का मामला भी सामने आया।
दुग्ध संघ के प्रधान प्रबंधक एवं सचिव ने अगस्त 2026 में ही समिति को भंग कर प्रशासक नियुक्त करने की संस्तुति की थी। इसके बाद सहायक निदेशक डेयरी विकास अल्मोड़ा और बागेश्वर से रिपोर्ट तलब की गई। संबंधित सदस्यों को अपना पक्ष रखने का अवसर भी दिया गया। इस मामले में नैनीताल हाईकोर्ट में याचिका दायर होने के बाद उपलब्ध अभिलेखों और जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की गई।
उत्तराखंड सहकारी समिति अधिनियम, 2003 की धारा 29(5)(ख) के तहत समिति को भंग करने का आदेश जारी किया गया है। निदेशक एवं निबंधक इला गिरि के अनुसार नई प्रबंध समिति के गठन तक सीडीओ अल्मोड़ा प्रशासक के रूप में संघ की प्रशासनिक और संचालन संबंधी जिम्मेदारियां संभालेंगे।



