हल्द्वानी: गीजर ठीक करने के बहाने घर में घुसकर अलमारी से सोने के जेवर चोरी करने वाले आरोपी को हल्द्वानी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए करीब पांच तोले के दो सोने के कड़े और जेवर बेचकर हासिल की गई 2.29 लाख रुपये की नकदी बरामद की है। आरोपी की गिरफ्तारी और बरामदगी पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम को दो हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार गुरुनानकपुरा निवासी अतुल नागपाल ने 25 नवंबर को कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया कि 17 नवंबर को आसिफ नाम का व्यक्ति उनके घर गीजर ठीक करने के बहाने आया था। इस दौरान उसने अलमारी से सोने के जेवर चोरी कर लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक कृपाल सिंह को सौंपी। सीसीटीवी फुटेज और सुरागरसी के आधार पर पुलिस ने आरोपी आसिफ पुत्र शमीम अहमद निवासी आजाद नगर, बनभूलपुरा की पहचान कर 26 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर दो सोने के कड़े और 2.29 लाख रुपये बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने चोरी के जेवर बेचकर नकदी हासिल की थी। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) भी बढ़ाई गई है।
कार्रवाई एसएसपी के निर्देश पर एसपी सिटी हरबंस सिंह और सीओ हल्द्वानी लव शर्मा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रोहताश सागर के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, कांस्टेबल विजय भारद्वाज और सतवीर सिंह शामिल रहे।



