उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी बीच रविवार को उत्तरकाशी जिले में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोनगाड के पास राजस्थान के यात्रियों से भरा टेंपो ट्रैवल्स अचानक ब्रेक फेल होने के बाद सड़क पर पलट गया। हादसे के दौरान यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी है।
जानकारी के अनुसार टेंपो ट्रैवल्स संख्या UK-14 PA 5006 में राजस्थान के 17 यात्री सवार थे। वाहन गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान सोनगाड के पास अचानक वाहन के ब्रेक फेल हो गए। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन वह सड़क पर ही पलट गया।
वाहन के पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए यात्रियों को वाहन से बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, आपदा प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी मौके के लिए रवाना हुईं।
हादसे में घायल यात्रियों को 108 एंबुलेंस की मदद से गंगनानी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम घायलों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई है।
आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दूल गुसाईं ने बताया कि सोनगाड के पास टेंपो ट्रैवल्स के ब्रेक फेल होने के कारण वाहन पलटने की सूचना मिली थी। वाहन में राजस्थान के 17 यात्री सवार थे। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव टीमों को मौके पर भेजा गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग के इस क्षेत्र में सड़क हादसों और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।


