उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के चलते पहाड़ से मैदान तक बारिश का दौर जारी है। लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। देहरादून में तेज बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जबकि नदी-नाले उफान पर हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन के चलते कई मार्गों पर यातायात बाधित हुआ है।
मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज और बौछार की संभावना जताई है। देहरादून और टिहरी में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, कुमाऊं के अधिकांश क्षेत्रों में भी भारी बारिश का दौर जारी है।
पिथौरागढ़ में शनिवार रात हुई तेज बारिश के बाद कई मार्ग प्रभावित हुए। भूस्खलन के कारण टनकपुर-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग और कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग पर पांच घंटे से अधिक समय तक यातायात ठप रहा। अस्कोट-कर्णप्रयाग मोटर मार्ग पर बेरीनाग-थल के बीच मलबा आने से आवाजाही बाधित हुई। इसके अलावा थल-मुनस्यारी मोटर मार्ग पर ला-झेकला के पास डंपर फंसने से मार्ग करीब आठ घंटे बंद रहा। इस दौरान दर्जनों वाहन फंसे रहे।


