उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए कई जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया है। खराब मौसम की आशंका को देखते हुए राज्य सरकार और जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
एहतियात के तौर पर देहरादून, बागेश्वर और चमोली जिला प्रशासन ने 6 अगस्त (गुरुवार) को कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है। यह फैसला बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 10 अगस्त तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने के भी आसार हैं।
प्रशासन ने लोगों से भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदी-नालों और जलभराव वाले इलाकों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। साथ ही खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा अपडेट व एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।


