हल्द्वानी। कैंची धाम में वीकेंड पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने दो दिन के लिए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। 21 और 22 नवंबर को भवाली, भीमताल और कैंची धाम क्षेत्र में विशेष डायवर्जन प्लान लागू रहेगा। इस दौरान भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी, जबकि पहाड़ और मैदान के बीच आने-जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जाएगा।
पुलिस के मुताबिक, दोनों दिन सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। भारी वाहनों को जिले की सीमा पर ही रोक दिया जाएगा। वहीं, सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक बसों और चौपहिया वाहनों के लिए डायवर्जन व्यवस्था प्रभावी रहेगी।
यातायात प्लान के तहत अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से हल्द्वानी समेत मैदानी क्षेत्रों की ओर आने वाले वाहन लमगड़ा, धनाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल के रास्ते भेजे जाएंगे। दूसरी ओर मैदानी क्षेत्रों से इन पहाड़ी जिलों की ओर जाने वाले वाहनों को खुटानी बैंड, भीमताल, धारी और धनाचूली बैंड से होकर गुजरना होगा। काठगोदाम से रानीखेत जाने वाले वाहन खुटानी बैंड से मुक्तेश्वर और रामगढ़ मार्ग का इस्तेमाल करेंगे।
कैंची धाम पहुंचने वाले पर्यटकों के निजी वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल तय किए गए हैं। भीमताल की ओर से आने वाले पर्यटक अपने वाहन विकास भवन पार्किंग में खड़े करेंगे। यहां से भवाली और कैंची धाम के लिए शटल सेवा मिलेगी। वहीं, ज्योलिकोट, गेठिया और नैनीताल मार्ग से आने वाले वाहन भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में पार्क किए जाएंगे। यहां से भी मंदिर तक शटल सेवा संचालित होगी।
इसके अलावा भीमताल, नैनीताल और ज्योलिकोट की ओर से खैरना, गरमपानी और बेतालघाट जाने वाले स्थानीय वाहन दूनीखाल-रातीघाट मोटर मार्ग से जा सकेंगे। भीमताल से अल्मोड़ा, रानीखेत और कैंची धाम जाने वाले वाहनों को नैनी बैंड प्रथम, सैनेटोरियम बाईपास और शिप्रा पुल भवाली के रास्ते भेजा जाएगा।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवकाश के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी, दोपहिया और पीली नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नैनीताल पुलिस ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें तथा यात्रा के दौरान पुलिस का सहयोग करें।



