उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आयोजित अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 की तैयारियां पूरी हो गई हैं। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए 80 साइकिलिस्ट हिस्सा ले रहे हैं। यह रोमांचक सफर प्रदेश के 10 जिलों से होकर कुल 658 किलोमीटर की दूरी तय करेगा और 26 नवंबर को मसूरी में संपन्न होगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतियोगिता के शुभारंभ की पूर्व संध्या पर मुक्तेश्वर के सुकमा रिजॉर्ट में आयोजित गाला डिनर कार्यक्रम को लाइव संबोधित किया। उन्होंने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन उत्तराखंड के विभिन्न जिलों, घाटियों और नगरों को जोड़ने के साथ प्रदेश की लोकसंस्कृति, खानपान और परंपराओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने का माध्यम बन रहे हैं।
सीएम ने कहा कि MTB चैलेंज से उत्तराखंड को साहसिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में पहचान मिलेगी। साथ ही स्थानीय उत्पादों, पर्यटन स्थलों और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में कुमाऊं की लोकसंस्कृति की शानदार झलक देखने को मिली। कलाकारों ने राजुला-मालूशाही की प्रेमगाथा पर आधारित नृत्य और ‘तेरो नथुली को डोर’ गीत पर छपेली लोकनृत्य की प्रस्तुति देकर समां बांधा। इस दौरान जनप्रतिनिधि, अधिकारी, अतिथि और प्रतियोगिता में शामिल होने पहुंचे साइकिलिस्ट मौजूद रहे।



