हल्द्वानी। पर्यटन सीजन और बढ़ती यातायात व्यवस्था को देखते हुए हल्द्वानी-काठगोदाम क्षेत्र में शनिवार और रविवार को विशेष ट्रैफिक एवं डायवर्जन प्लान लागू किया जाएगा। यह व्यवस्था 16 और 17 मई को सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगी। प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से निर्धारित रूट का पालन करने की अपील की है।
प्रशासन के अनुसार पर्वतीय मार्गों पर सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी आने वाले सभी भारी मालवाहक वाहनों को सुबह 8 बजे से रात 9 बजे तक जिला सीमा पर ही रोका जाएगा। जनपद सीमा के भीतर आने वाले भारी वाहनों को नंबर-01 बैंड, एचएमटी क्षेत्र, पुलिस चौकी सलड़ी और मैगी प्वाइंट के पास निर्धारित स्थानों पर पार्क कराया जाएगा।
मैदानी क्षेत्रों से पर्वतीय इलाकों की ओर जाने वाले भारी वाहनों को गोलापार स्थित पुराने आरटीओ फिटनेस सेंटर और खेड़ा चौकी के पास रोका जाएगा।
पर्यटक वाहनों के लिए भी विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। बरेली रोड से पर्वतीय क्षेत्र की ओर जाने वाले वाहन तीनपानी फ्लाईओवर से गोलापार रोड होते हुए नारीमन तिराहा, काठगोदाम होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। वहीं रुद्रपुर की ओर से आने वाले पर्यटक वाहन पंतनगर तिराहा-दिनेशपुर मोड़ से एनएच-109 होते हुए लालकुआं, तीनपानी फ्लाईओवर और गोलापार रोड से होकर गुजरेंगे।
रामनगर और बाजपुर से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को कालाढूंगी-नैनीताल तिराहे से डायवर्ट कर मंगोली मार्ग से भेजा जाएगा।
प्रशासन ने बताया कि 16 और 17 मई को एलपीजी वाहनों को छोड़कर सब्जी, दूध, ईंधन जैसी आवश्यक सेवाओं से जुड़े भारी वाहनों का संचालन भी दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा।
इसके अलावा पर्वतीय क्षेत्रों से मैदानी इलाकों की ओर लौटने वाले पर्यटक वाहनों को नारीमन तिराहा से गोलापार रोड के रास्ते भेजा जाएगा। शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक भवाली मस्जिद तिराहा और नैनीताल से मैदानी क्षेत्रों की ओर आने वाले पर्यटक वाहनों को नंबर-01 बैंड और रूसी बाईपास द्वितीय से डायवर्ट कर रूसी बाईपास प्रथम, मंगोली और कालाढूंगी मार्ग से निकाला जाएगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रैफिक प्लान की जानकारी लेकर ही सफर करें, ताकि जाम और असुविधा से बचा जा सके।
नैनीताल और भवाली से मैदानी क्षेत्रों की ओर लौटने वाले पर्यटक वाहनों के लिए भी डायवर्जन लागू रहेगा। ऐसे वाहनों को शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक नंबर-01 बैंड और रूसी बाईपास से कालाढूंगी मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में वीकेंड के दौरान अतिरिक्त यातायात दबाव को देखते हुए विशेष व्यवस्थाएं लागू की गई हैं। अल्मोड़ा और रानीखेत की ओर से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से डायवर्ट कर रामगढ़ और मुक्तेश्वर के रास्ते भेजा जाएगा।
इसी तरह पर्यटकों की सुविधा के लिए कैंची धाम जाने वाले निजी वाहनों की पार्किंग भी निर्धारित की गई है। भीमताल से आने वाले वाहनों को विकास भवन पार्किंग में रोका जाएगा, जहां से यात्रियों को शटल सेवा के माध्यम से भवाली और कैंची धाम भेजा जाएगा। वहीं गेठिया और नैनीताल मार्ग से आने वाले वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में पार्क कर शटल सेवा से मंदिर दर्शन कराया जाएगा।
वीकेंड के दौरान टैक्सी और दोपहिया वाहनों का कैंची धाम में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे सभी वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर रोका जाएगा और शटल सेवा के माध्यम से आगे भेजा जाएगा।


