उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की समय सीमा अब खत्म होने वाली है। मतदाता 13 अगस्त तक ही दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। इसके बाद कोई नया दावा या आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी। हालांकि, 13 अगस्त तक प्राप्त मामलों की सुनवाई 13 सितंबर तक जारी रहेगी।
SIR प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची में सामने आ रही विसंगतियों को दूर करने के साथ नए मतदाताओं को जोड़ने और नाम में संशोधन की प्रक्रिया भी चल रही है। नए मतदाता के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरे जा रहे हैं। वहीं, आपत्तियों से संबंधित फॉर्म-9, 10 और 11 भी जमा किए जा रहे हैं।
13 अगस्त तक आवेदन करने वालों को मिलेगा मौका
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार, प्रदेशभर में अब तक करीब 70 हजार आपत्तियां प्राप्त हो चुकी हैं। नए मतदाता बनने के लिए भी बड़ी संख्या में आवेदन आए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, 13 अगस्त तक नए मतदाता के रूप में आवेदन करने वालों के नाम SIR प्रक्रिया के दौरान ही मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे।
वहीं, 13 अगस्त के बाद नए मतदाता बनने के लिए मिलने वाले आवेदनों पर SIR पूरा होने के बाद विचार किया जाएगा। ऐसे में मतदाताओं के पास दावे, आपत्तियां और नए पंजीकरण के लिए आवेदन करने का फिलहाल अंतिम मौका है।
मैदानी क्षेत्रों में सबसे ज्यादा आपत्तियां
SIR के दौरान पहाड़ी जिलों के मुकाबले मैदानी जिलों में ज्यादा आपत्तियां सामने आई हैं। खासतौर पर ऊधमसिंह नगर की जसपुर और काशीपुर समेत कई विधानसभा सीटों पर बड़ी संख्या में आपत्तियां दर्ज की गई हैं।
प्राप्त आपत्तियों के आधार पर संबंधित मतदाताओं को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा। इसके बाद निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) मामलों की सुनवाई कर निर्णय लेंगे। अधिकारियों के अनुसार, किसी एक व्यक्ति के नाम पर पांच से अधिक आपत्तियां मिलने पर मामले की अलग से जांच कराई जाएगी।


