उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के डोईवाला क्षेत्र में नवविवाहिता सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके पति और ननद को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में दहेज उत्पीड़न और हत्या के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को शनिवार को हर्रावाला स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया। वहीं, नामजद सास की भूमिका की भी जांच जारी है।
पुलिस के मुताबिक, 29 जुलाई को मृतका की मां सीमा कंडारी, निवासी श्रीकोट (श्रीनगर, पौड़ी गढ़वाल), ने कोतवाली डोईवाला में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी बेटी सृष्टि का विवाह नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुआ था। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि इसी प्रताड़ना के कारण उसकी मौत हुई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी और ननद सुरभि खत्री उर्फ चारू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया। मामले की जांच सीओ डोईवाला वंदना वर्मा को सौंपी गई, जबकि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी के निर्देश पर विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को एक अहम वीडियो भी मिला, जिसे सृष्टि ने घटना से पहले अपनी मां को भेजा था। पुलिस के अनुसार, वीडियो में उसने शादी के बाद से ससुराल पक्ष द्वारा कथित रूप से किए जा रहे उत्पीड़न और प्रताड़ना का जिक्र किया है। पुलिस इस वीडियो को अन्य साक्ष्यों के साथ जांच का महत्वपूर्ण आधार मान रही है।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि गठित पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी सौरभ खत्री और उसकी बहन सुरभि खत्री उर्फ चारू को हर्रावाला स्थित लक्ष्मण एन्क्लेव से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से पूछताछ जारी है। वहीं, मामले में नामजद सास की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


