मानवता को शर्मशार कर देने वाले मामले में शौचालय के पाइप से छह महीने का इंसानी भ्रूण बरामद हुआ। इससे इलाके में सनसनी फैल गई।
यह घटना उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में रविवार को सामने आई। पुलिस के अनुसार, मकान मालिक देवेंद्र उर्फ देवा ने पाइप में पानी जमा होने पर उसे काटा, जिसके बाद उन्होंने भ्रूण को देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही इंदिरापुरम पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से भ्रूण को सुरक्षित कर लिया।
मकान मालिक ने पुलिस को बताया कि उनके घर में नौ किराएदार रह रहे हैं, जिसके बाद पुलिस ने सभी से पूछताछ शुरू की। डीएनए जांच के जरिए भ्रूण और किराएदारों के डीएनए का मिलान किया जाएगा, जिससे अपराधी का पता लगाने की संभावना जताई जा रही है। सहायक पुलिस आयुक्त स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि डीएनए मिलान से इस मामले की गुत्थी सुलझने की उम्मीद है।