उत्तराखंड में सड़क हादसों की बढ़ती घटनाओं के बीच एक और दर्दनाक मामला सामने आया है। चंपावत जिले में लोहाघाट से आगे बापरू क्षेत्र के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें एक कार अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद वाहन में अचानक आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह कार हल्द्वानी से पिथौरागढ़ के कनालीछीना की ओर जा रही थी। मरोड़ाखान से लगभग दो किलोमीटर आगे बंतोली गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा और गहरी खाई में गिर गया। गिरते ही कार में जोरदार धमाके जैसी आवाज के साथ आग भड़क उठी।
इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान चालक राजेन्द्र कुमार (48), निवासी डीडीहाट और बलदेव कुमार (36), निवासी कनालीछीना, पिथौरागढ़ के रूप में हुई है। इनमें से एक की मौत जलकर हुई, जबकि दूसरे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
कार में सवार नीतू देवी (36), उनकी बेटी अक्षिता (8) और बेटा आरव (5) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम ने तुरंत रेस्क्यू अभियान चलाकर तीनों को बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है, जबकि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।


