उत्तराखंड में लगातार जारी बारिश के बीच मौसम विभाग ने तात्कालिक (nowcast) पूर्वानुमान जारी किया है। बुधवार दोपहर एक बजे जारी अपडेट के अनुसार राज्य के कई जिलों में अगले तीन घंटे मौसम बेहद खराब रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस अवधि के दौरान भारी बारिश के साथ तेज गर्जना और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं।
पूर्वानुमान के मुताबिक अगले तीन घंटों में देहरादून, हरिद्वार, रुद्रप्रयाग, टिहरी, उत्तरकाशी, पौड़ी, ऊधम सिंह नगर, अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और चमोली जिलों में कहीं-कहीं तेज गर्जना के साथ तीव्र वर्षा और बिजली चमकने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने, खुले स्थानों से दूर रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।


