उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। देहरादून जिले के कालसी थाना क्षेत्र में एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के समय वाहन में चालक समेत सात लोग सवार थे। दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही कालसी थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और घायलों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार बोलेरो वाहन हिमाचल प्रदेश से विकासनगर की ओर आ रहा था। इसी दौरान हरिपुर-कोटी-मीनस मोटर मार्ग पर धमोग मंदिर से पहले चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे बोलेरो सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलने पर कालसी थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद खाई में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि पांच घायलों का उपचार किया जा रहा है।
कालसी थाना के एसएसआई नीरज कठैत ने बताया कि बोलेरो हिमाचल प्रदेश से विकासनगर आते समय दुर्घटनाग्रस्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया था। सभी घायलों को जल्द अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन दो लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान राधिका (2) पुत्री डमर और नरबहादुर (56) पुत्र गंगा बहादुर निवासी अछाम कटारी, नेपाल के रूप में हुई है। वहीं घायलों में वाहन चालक चमन लाल (45) पुत्र हर्सू निवासी चडगांव, शिमला (हिमाचल प्रदेश), डमर (32) पुत्र नरबहादुर निवासी ठकारी, जिला अछाम (नेपाल), निशा (14) पुत्री दिनेश निवासी कंचनपुर, जिला अछाम (नेपाल), उर्मिला (30) पत्नी डमर और प्रदीप (5) पुत्र डमर शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि बोलेरो में सवार सभी लोग नेपाली मजदूर थे और हिमाचल प्रदेश में काम खत्म करने के बाद अपने घर नेपाल लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।



