उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। तेज रफ्तार और लापरवाही लगातार लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। हरिद्वार जिले में देर रात एक दर्दनाक हादसे में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और मिट्टी से भरे डंपर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसा लक्सर-पुरकाजी रोड पर भैंसली वाला गांव के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरनगर जिले का एक परिवार स्कॉर्पियो से लक्सर की श्रीराम कॉलोनी में रिश्तेदार के घर जन्मदिन समारोह में शामिल होने आया था। समारोह खत्म होने के बाद परिवार के सात सदस्य देर रात स्कॉर्पियो से वापस मुजफ्फरनगर लौट रहे थे। इसी दौरान भैंसली वाला गांव के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रहे मिट्टी से भरे डंपर ने स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही लक्सर और पुरकाजी पुलिस मौके पर पहुंची। मुजफ्फरनगर के एसएसपी संजय वर्मा के मुताबिक, हादसे में 50 वर्षीय आदेश, उनकी दो बहनें 35 वर्षीय निशा और 37 वर्षीय राखी तथा आदेश की 12 वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, हादसे में आदेश की पत्नी, उनकी बुजुर्ग मां और छह वर्षीय छोटी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।



