उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस के साथ गठबंधन में 30 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी ने इनमें से 15 सीटों को प्राथमिकता में रखा है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने बताया कि प्रदेश संगठन ने चिह्नित 30 सीटों की सूची राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भेज दी है।
प्रेस को जारी बयान में सिद्दीकी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष सूची पर विचार-विमर्श के बाद जो भी निर्णय लेंगे, संगठन उसे स्वीकार करेगा। उन्होंने कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में भाजपा का मुकाबला करने के लिए पूरे विपक्ष का एकजुट होना जरूरी है। अलग-अलग चुनाव लड़ने से विपक्ष को नुकसान होगा, जबकि एकजुट होकर चुनाव लड़ने से जीत की संभावनाएं मजबूत होंगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि गठबंधन होने पर सपा अपने हिस्से में आने वाली सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगी और सहयोगी दलों के उम्मीदवारों को भी समर्थन देगी। वहीं, यदि किसी कारणवश गठबंधन नहीं होता है तो समाजवादी पार्टी उत्तराखंड की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव मैदान में उतरेगी।



