हल्द्वानी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मंडी परिसर के भीतर एक युवक और युवती के शव मिलने से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि दोनों की पत्थर से कुचलकर निर्मम हत्या की गई है। हालांकि, पुलिस ने अभी आधिकारिक रूप से हत्या की पुष्टि नहीं की है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ अमित कुमार और कोतवाल विजय मेहता भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम को साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि घटना की सच्चाई सामने लाई जा सके। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले का खुलासा किया जाएगा।


