हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) के मेयर प्रत्याशी गजराज सिंह बिष्ट ने आज नगर निगम चुनाव को लेकर अपना चुनाव प्रचार तेज कर दिया। उन्होंने सर्वप्रथम युवा मोर्चा की बैठक में भाग लिया और दिनभर हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में जन संपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने वार्ड 1 गौला बैराज, वार्ड 51 पीलीकोठी, वार्ड 50 गली नंबर 7 और वार्ड 9 आनंदपुरी में नुक्कड़ सभाओं का आयोजन किया और क्षेत्रवासियों से अपने पक्ष में वोट की अपील की।
गजराज सिंह बिष्ट ने कुमाऊं संभाग के भाजपा कार्यालय में युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। उन्होंने युवा कार्यकर्ताओं को उत्साहित करते हुए कहा कि निकाय चुनावों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी लोकतंत्र को मजबूत बनाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभा सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि बढ़ती संख्या में युवा मतदाता यह दर्शा रहे हैं कि नई पीढ़ी न केवल अपनी समस्याओं के प्रति जागरूक है, बल्कि उनके समाधान में सक्रिय भागीदारी भी निभाना चाहती है।
गजराज सिंह बिष्ट ने युवा मतदाताओं की भूमिका को लेकर कहा कि यह न केवल लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी रुचि को दिखाता है, बल्कि यह उनके दृष्टिकोण में बदलाव भी प्रदर्शित करता है। उन्होंने बताया कि युवा मतदाता पारदर्शिता, डिजिटल समाधान और विकास की दिशा में नए दृष्टिकोण लेकर आ रहे हैं। युवा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का प्रभावी उपयोग कर रहे हैं, जिससे डिजिटल कैम्पेनिंग और ऑनलाइन चर्चाएं युवाओं को अपने विचार साझा करने का एक शानदार मंच प्रदान कर रही हैं।
युवा मोर्चा के संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने बैठक में युवाओं को जोश भरते हुए कहा कि युवा मतदाताओं ने पारंपरिक राजनीति से हटकर मुद्दों पर आधारित राजनीति को बढ़ावा दिया है। उनकी भागीदारी ने समाज में नए नेतृत्व और सकारात्मक बदलाव की उम्मीद जगाई है।
मेयर प्रत्याशी गजराज सिंह बिष्ट ने युवाओं से अपनी राष्ट्रप्रथम की विचारधारा को बनाए रखने और ईमानदारी से क्षेत्र के विकास के लिए नेतृत्व चुनने का वादा लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को एक नई दिशा और समृद्ध भविष्य देने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, प्रदेश अध्यक्ष युवा मोर्चा शशांक रावत, जिला महामंत्री रंजन बर्गली, प्रदेश उपाध्यक्ष युवा मोर्चा नीरज बिष्ट, प्रदेश मंत्री युवा मोर्चा विपिन पांडे, जिलाध्यक्ष युवा मोर्चा कार्तिक हरबोला सहित भारी संख्या में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता मौजूद रहे।