उत्तराखंड में छात्रसंघ चुनाव के बीच अराजकता के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में चुनावी माहौल के बीच विवाद और हंगामे की घटनाओं ने पुलिस-प्रशासन की व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। इसी कड़ी में छात्रसंघ चुनाव के कुछ दिन बाद पौड़ी एक बार फिर चर्चा में है। यहां देर रात दो गुटों के बीच विवाद के बाद मामला मारपीट और तोड़फोड़ तक पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि पौड़ी के सर्किट हाउस मोहल्ले में देर रात दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि इस दौरान भाजपा युवा मोर्चा के मंडल महामंत्री सुधाकर नैथानी के साथ गाली-गलौज की गई। इसके बाद उनकी गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई।
सुधाकर नैथानी ने आरोप लगाया कि विरोधी गुट ने उनकी कार को निशाना बनाया और वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। उन्होंने बताया कि गाड़ी में लगे पार्टी के झंडे को भी नुकसान पहुंचाया गया। घटना के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई।
घटना के बाद पौड़ी शहर की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। खास बात यह है कि शहर के विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। ऐसे में पुलिस अब फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
वहीं पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों को कोतवाली पौड़ी बुलाया है। अधिकारियों की ओर से दोनों पक्षों से पूछताछ कर विवाद की वास्तविक वजह और घटना में शामिल लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने बताया कि दोनों पक्षों को कोतवाली बुलाया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।


