उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में आयोजित उत्तराखंड प्रांतीय व्यापारी सम्मेलन का शुभारंभ करते हुए व्यापारियों के हित में आठ महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को सुरक्षित और पारदर्शी कारोबारी माहौल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। आपदा प्रभावित व्यापारियों को नियमानुसार राहत, उद्योग मित्र समितियों का पुनर्गठन, पर्यटन पंजीकरण सरल बनाने, होम स्टे के विस्तार और चारधाम यात्रा मार्ग पर पार्किंग विकसित करने जैसे कदम उठाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापारी प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। वे रोजगार सृजन, स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। सरकार व्यापारियों को केवल करदाता नहीं, बल्कि विकास का भागीदार मानती है। उनकी समस्याओं के समयबद्ध समाधान और अनावश्यक प्रक्रियाओं से राहत देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
धामी ने बताया कि प्रदेश में निवेश संबंधी प्रक्रियाओं को सरल बनाने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम के तहत 26 विभागों की 206 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। ‘निवेश मित्र’ व्यवस्था, उत्तराखंड स्टार्टअप नीति और 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड से उद्यमिता को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में छोटे उद्योगों के लिए विशेष औद्योगिक पार्क विकसित करने के उद्देश्य से भूमि चिह्नित की गई है, ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़े और पलायन पर रोक लगाने में मदद मिले।
व्यापारियों के हित में घोषित कदमों के तहत आपदा प्रभावित कारोबारियों को नियमानुसार राहत देने, राज्य एवं जिला स्तर की उद्योग मित्र समितियों का पुनर्गठन कर नियमित बैठकें आयोजित करने और जीएसटी पंजीकृत व्यापारियों के दुर्घटना बीमा की जानकारी का प्रचार-प्रसार करने की बात कही गई। इसके अलावा पर्यटन व्यवसाय की पंजीकरण प्रक्रिया सरल करने, सिंगल विंडो व्यवस्था लागू करने, पर्यटन क्षेत्रों एवं जिला मुख्यालयों में होम स्टे सुविधाएं बढ़ाने, चारधाम यात्रा मार्ग पर जरूरी स्थानों पर पार्किंग विकसित करने तथा प्रमुख मार्गों से जुड़े बाजारों में सड़कों और नालियों की मरम्मत व निर्माण को प्राथमिकता देने की घोषणा की गई। व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों को कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं का लाभ दिलाने पर भी जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय व्यापार, पर्यटन, लघु उद्योग और स्वरोजगार उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। सरकार का लक्ष्य प्रदेश को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और व्यापारियों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय बाजारों में पहचान दिलाना है। सम्मेलन में प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल की स्मारिका का विमोचन किया गया तथा विभिन्न इकाइयों के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत और सरिता आर्या, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष नवीन वर्मा, प्रदेश महामंत्री प्रकाश मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, व्यापारी और अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय और अपर जिलाधिकारी विवेक राय भी कार्यक्रम में शामिल हुए।



