नैनीताल। कैंचीधाम में वीकेंड पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने यातायात और पार्किंग व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को जिला विकास प्राधिकरण सभागार में आयुक्त कुमाऊं एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के बावजूद यातायात व्यवस्था सुचारु रहे और किसी को असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें।
दीपक रावत ने श्रद्धालुओं से होटल की अग्रिम बुकिंग कराने के बाद ही कैंचीधाम आने की अपील की। उन्होंने वीकेंड पर उपजिलाधिकारियों, सीओ, एआरटीओ और जिला पर्यटन अधिकारी को व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा करने के निर्देश दिए। परिवहन विभाग को टैक्सी-बाइक की नियमित चेकिंग करने तथा विकास भवन पार्किंग और सेनिटोरियम में विभागीय बूथ स्थापित करने को कहा गया। कैंचीधाम क्षेत्र में ओवररेटिंग रोकने के लिए दुकानदारों को खाद्य एवं पेय पदार्थों की रेट लिस्ट प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर आयुक्त ने जिलाधिकारी को शिप्रा नदी में नहाने पर रोक लगाने के निर्देश दिए। मंदिर समिति को वीकेंड पर श्रद्धालुओं की आवाजाही पर नजर रखने के लिए हेड काउंट कैमरे लगाने और मंदिर के गेटों को श्रद्धालुओं की संख्या के अनुसार स्वचालित रूप से खोलने की व्यवस्था 15 दिन के भीतर करने को कहा गया।
बैठक में नैनीताल के बारापत्थर क्षेत्र में वीकेंड पर लगने वाले जाम का मुद्दा भी उठा। अधिकारियों ने बताया कि टोल पास की कम चौड़ाई के कारण जाम की स्थिति बनती है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने वीकेंड पर जाम से निपटने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, आयुक्त ने जिले की सड़कों को गड्ढामुक्त करने को कहा। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि डामरीकरण और पैचवर्क का कार्य जारी है। आयुक्त ने सभी सड़कों का कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में आईजी कुमाऊं नवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसई एनएच मनोहर सिंह, एसई लोनिवि राजेश पंत, आरटीओ (ई) अरविंद पांडे, एडीएम विवेक राय, प्राधिकरण सचिव मनीष कुमार समेत मंदिर समिति, व्यापारी संघ, टैक्सी यूनियन और केमू यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे।



