नैनीताल आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के प्रशासनिक भवन में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस और प्रबंध कमेटी के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 826 से अधिक दुग्ध उत्पादक, महिलाएं और गणमान्य नागरिक शामिल हुए, जिससे परिसर उत्साह और उल्लास से भर गया।
कार्यक्रम में स्वच्छ दूध उत्पादक गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें अध्यक्ष मुकेश बोरा ने दुग्ध उत्पादकों को स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण दूध उत्पादन के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दूध की गुणवत्ता ही दुग्ध व्यवसाय की असली पहचान है, जिससे उत्पादकों को बेहतर लाभ मिलता है।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दुग्ध व्यवसाय से जुड़ी महिलाओं को पुरस्कार और सम्मान प्रदान किए गए। महिला डेयरी विकास योजना के तहत प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हिमानी देवी को 25 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त पुष्पा देवी को 15 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त दीपा देवी को 10 हजार रुपये का चेक दिया गया। बताया गया कि हिमानी देवी प्रतिदिन लगभग 500 लीटर, पुष्पा देवी 350 लीटर और दीपा देवी 250 लीटर दूध संघ को आपूर्ति करती हैं।
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने दुग्ध उत्पादकों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि 15 अप्रैल से दूध के मूल्य में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि प्रथम कार्यकाल (2018–24) में दुग्ध संघ ने कई महत्वपूर्ण कार्य किए और द्वितीय कार्यकाल (2024–26) में इसे और मजबूत बनाने के प्रयास जारी हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य दीपा दरमवाल, डेयरी विकास विभाग के उपनिदेशक संजय उपाध्याय, यूसीडीएफ के आरएम तिवारी, संचालक मंडल सदस्य कृष्ण कुमार शर्मा, आनंद सिंह नेगी, दीपा बिष्ट, हेमा देवी, खष्टी देवी, पुष्पा देवी, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रभारी अभियंता राजेंद्र प्रसाद दुमका, सहायक प्रबंधक महिला डेयरी गीता ओझा सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी एवं दुग्ध उत्पादक उपस्थित रहे।


