उत्तराखंड में इन दिनों मौसम का दोहरा स्वरूप देखने को मिल रहा है। एक ओर मैदानी क्षेत्रों में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है, वहीं दूसरी ओर पर्वतीय इलाकों में बारिश से मौसम खुशनुमा बना हुआ है। कई मैदानी जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, मैदानी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। वहीं, पहाड़ों में दोपहर बाद हो रही बारिश के कारण तापमान सामान्य या उससे एक से दो डिग्री कम दर्ज किया जा रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि आने वाले दिनों में प्रदेश के मौसम में बदलाव जारी रह सकता है। देहरादून, उत्तरकाशी और टिहरी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है। इसके अलावा अन्य पर्वतीय जिलों में भी कहीं-कहीं बारिश और बादल गरजने के आसार हैं।
हालांकि हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जैसे मैदानी जिलों के लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम नजर आ रही है। यहां अगले कुछ दिनों तक गर्म मौसम बने रहने की संभावना है।


