उत्तराखंड पुलिस महकमे में एक बार फिर पदोन्नति का दौर देखने को मिला है। इसके तहत कई पुलिस कर्मियों को प्रोन्नति का तोहफा दिया गया है, जिससे पुलिस विभाग में खुशी का माहौल है।
पदोन्नति प्राप्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विभिन्न स्थानों पर सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में जनपद नैनीताल में उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार एवं मोहम्मद यूनुस को निरीक्षक पद पर पदोन्नति प्रदान की गई।
इस अवसर पर पुलिस लाइन नैनीताल में पीपिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया, जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने दोनों अधिकारियों के कंधों पर स्टार लगाकर उन्हें बधाई दी। उन्होंने दोनों अधिकारियों की सेवा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पीपिंग सेरेमनी के दौरान एसपी संचार रेवाधर मठपाल, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन हरकेश सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में समस्त नैनीताल पुलिस परिवार की ओर से दोनों पदोन्नत अधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।


