उत्तराखंड में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक युवक ने अपने चाचा और चाची पर लोहे की रॉड से हमला कर दोनों की हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की चार टीमें जुटी हुई हैं।
मामला बागेश्वर जिले के बैजनाथ क्षेत्र के नरगवाड़ी गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, नरगवाड़ी निवासी गोविंद बल्लभ खोलिया ने देर रात अपने चाचा पूरन चंद्र खोलिया और चाची भगवती देवी पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का पता चलने पर परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ ले गए, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस दौरान मौके पर मौजूद एक महिला ने भागकर अपनी जान बचाई।
दोहरी हत्या की सूचना मिलने पर बैजनाथ कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। घटना के बाद से आरोपी का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
कोतवाल कैलाश नेगी ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार अलग-अलग पुलिस टीमें बनाई गई हैं। टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद को वारदात की वजह माना जा रहा है, हालांकि हत्या के पीछे की असल वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे घटनाक्रम और हत्या के कारणों का पता चल सकेगा।



