हल्द्वानी। कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत की अध्यक्षता में गुरुवार को सर्किट हाउस सभागार में संभागीय परिवहन प्राधिकरण, हल्द्वानी संभाग की बैठक हुई। बैठक में मंडल की परिवहन व्यवस्था को सुगम बनाने, नए मार्गों पर परमिट जारी करने और पर्यटन क्षेत्रों में परिवहन सुविधाओं के विस्तार को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में विभिन्न मार्गों पर बस और टैक्सी परमिट की मांग की समीक्षा की गई। साथ ही वन विभाग के समन्वय से ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने और पर्यटन क्षेत्रों में परिवहन सुविधाएं बेहतर करने पर चर्चा हुई। मंडलायुक्त दीपक रावत ने परमिट प्रक्रिया को पारदर्शी और सरल बनाने के साथ प्रस्तावों पर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्राधिकरण ने जसपुर-टनकपुर के बीच उत्तराखंड परिवहन की बसों के संचालन को सर्वसम्मति से मंजूरी दी। इसके अलावा जसपुर-फाटो रेंज में 10 जिप्सियों और वन विभाग की पूर्व लिखित सहमति के आधार पर जिम कॉर्बेट क्षेत्र में 8 जिप्सियों के संचालन की अनुमति दी गई। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप 24 महिला जिप्सी संचालकों को भी जिप्सी संचालन की अनुमति देने पर सहमति बनी।
मंडलायुक्त ने कॉर्बेट समेत अन्य क्षेत्रों में जिप्सियों की आवश्यकता का आकलन करने के लिए वन विभाग से वर्तमान जिप्सियों और पर्यटकों की संख्या के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट के परीक्षण के बाद ही आगामी बैठक में आगे के निर्णय लिए जाएंगे।
बैठक में निर्धारित रूट से अलग या विपरीत दिशा में वाहन संचालित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने का निर्णय भी लिया गया। मंडलायुक्त ने विभिन्न मार्गों पर बस संचालन की मांग का गहन परीक्षण कर आवश्यकता के अनुसार परमिट जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्राधिकरण सदस्य सुनील शर्मा, ललित सिंह, आरटीओ गुरदेव सिंह, एआरटीओ संदीप शर्मा, विपिन कुमार समेत अन्य अधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।


