उत्तराखंड में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। कुछ दिन पहले प्रेम विवाह करने वाली एक युवती को उसके पति ने घर से निकाल दिया। पति से नाराज युवती गुरुवार को शिकायत लेकर कोतवाली पहुंची, जहां महिला डेस्क से सहयोग नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए उसने जमकर हंगामा किया। मामला बढ़ने पर पुलिसकर्मियों ने किसी तरह युवती को शांत कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, यह पूरा मामला हरिद्वार जिले के रुड़की का है। बताया जा रहा है कि सिडकुल थाना क्षेत्र निवासी युवती ने पिछले महीने स्थानीय युवक से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद पति ने अपनी नई-नवेली पत्नी को घर से बाहर निकाल दिया। पति से शिकायत करने के लिए युवती गुरुवार को सिविल लाइंस कोतवाली पहुंची।
युवती का आरोप था कि कोतवाली में महिला डेस्क से उसे अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। इससे नाराज होकर उसने कोतवाली परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। इसी दौरान युवती अपने पति से लिपट गई। अचानक हुए इस घटनाक्रम से कोतवाली में मौजूद पुलिसकर्मी भी सकते में आ गए। स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मियों ने दोनों को किसी तरह कोतवाली परिसर से बाहर किया।
मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने युवती की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। थानेदार नरेंद्र राठी ने बताया कि सिडकुल थाना क्षेत्र की युवती ने पिछले महीने स्थानीय युवक से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। युवक द्वारा युवती को घर से निकालने की शिकायत की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


