उत्तराखंड में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। कार सवार युवक पर दो राउंड फायरिंग की गई, जिसमें वह बाल-बाल बच गया। गोलियां कार के शीशों पर लगीं, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
यह घटना ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के गावा चौक के पास की है। पीड़ित एशप्रीत सिंह निवासी ग्राम दिबदिबा, थाना बिलासपुर (रामपुर, यूपी) ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि मंगलवार रात वह अपने दोस्तों गुरदीप सिंह और अर्जुन सिंह के साथ रुद्रपुर आया था। इसी दौरान गावा चौक के पास पहले से मौजूद आरोपी जितेन्द्र चौधरी उर्फ विरथ चौधरी ने उस पर हमला कर दिया।
आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपी मौके पर पहले से मौजूद था और उसने पीड़ित को देखते ही जान से मारने की नीयत से दो बार फायरिंग की। इस दौरान आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए धमकी भी दी।
अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित का कहना है कि उसने किसी तरह कार तेज रफ्तार से आगे बढ़ाकर अपनी जान बचाई। हालांकि दोनों गोलियां कार के शीशों पर जा लगीं। घटना के बाद वाहन कोतवाली परिसर में खड़ा कर दिया गया है, जिस पर गोली के निशान स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं।
पीड़ित की शिकायत के आधार पर रुद्रपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल एसएस अनिल जोशी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी की पहचान की पुष्टि हो चुकी है।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है। साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी साक्ष्य जुटाने के लिए लगाया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।


