हल्द्वानी। पुलिस ने हल्द्वानी, काठगोदाम और भीमताल क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन वाहन चोरों और चोरी की बाइक खरीदने वाले एक मैकेनिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम को 2500 रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह के मार्गदर्शन तथा सीओ हल्द्वानी रविकांत सेमवाल और बनभूलपुरा प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने 5 नवंबर को गौला बाईपास रोड से तीन आरोपियों को चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद चोरी के वाहन खरीदने वाले मैकेनिक विजय श्रीवास्तव को भी गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करन पाठक निवासी आरटीओ रोड, मुखानी, योगेश कुमार आर्या निवासी प्रेमपुर लोश्यानी, मुखानी, दीपक शर्मा निवासी फूलचौड़ इंटर कॉलेज के पास, आरटीओ रोड, मुखानी और विजय श्रीवास्तव निवासी जीतपुर नेगी, रामपुर रोड, हल्द्वानी के रूप में हुई है। पुलिस ने करन, योगेश और दीपक के कब्जे से तीन मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जो बनभूलपुरा और मुखानी क्षेत्र में दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित हैं। वहीं विजय श्रीवास्तव के कब्जे से तीन अन्य बाइक बरामद हुईं, जो काठगोदाम, हल्द्वानी और भीमताल क्षेत्रों से चोरी की गई थीं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चोरी कर विजय श्रीवास्तव को बेच देते थे। विजय श्रीवास्तव चोरी की बाइक उत्तर प्रदेश से बुलाए गए लोगों के माध्यम से बेचता था अथवा उनके पार्ट्स अलग-अलग कर बिक्री करता था। इससे मिलने वाली रकम आरोपियों के बीच बांट दी जाती थी। पुलिस के अनुसार, वाहन चोरी के संबंध में बनभूलपुरा कोतवाली में अक्टूबर माह में दो मुकदमे दर्ज किए गए थे। इसके अलावा तीन मुख्य आरोपियों के खिलाफ काठगोदाम कोतवाली में भी मुकदमा दर्ज है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर रही है। इस कार्रवाई में बनभूलपुरा, लालकुआं, मुखानी और काठगोदाम कोतवाली के पुलिसकर्मी शामिल रहे।



