हल्द्वानी। खनन सत्र शुरू होने से पहले जिला खान प्रभारी नवीन सिंह की अध्यक्षता में खनन पट्टा स्वामियों, स्टोन क्रशर संचालकों, खनन निरीक्षक और खनन विभाग के कर्मचारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में खनन सत्र के सुचारू संचालन, संबंधित समस्याओं के समाधान और राजस्व बढ़ाने को लेकर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में डंपरों में टैग लगाने समेत खनन संचालन से जुड़े अन्य विषयों पर मंथन हुआ। जिला खान प्रभारी ने संबंधित पक्षों की समस्याएं सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया और अधिकारियों को खनन सत्र के दौरान व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
वन विकास निगम को उपखनिज निकासी क्षेत्रों में अप्रोच रोड, संपर्क मार्ग और बैरियर समेत आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरा करने को कहा गया है। साथ ही खनिज की नाप-तौल में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों का कैलिब्रेशन भी समय पर कराने के निर्देश दिए गए, ताकि निकासी शुरू होने के बाद तकनीकी दिक्कत न आए।
अधिकारियों ने बताया कि 1 अक्टूबर 2026 से उपखनिज निकासी के लिए औपचारिक नोटिफिकेशन जारी हो चुका है। बैठक में खनन सत्र को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने और राजस्व में वृद्धि सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।


