उत्तराखंड में पुलिस और बदमाशों के बीच एक बार फिर मुठभेड़ की घटना सामने आई है। ऑपरेशन प्रहार के तहत चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान देहरादून में पुलिस और एक वांछित बदमाश के बीच देर रात मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की फायरिंग से आरोपी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और स्थिति की समीक्षा की।
जानकारी के मुताबिक, 16 अप्रैल की मध्य रात्रि देहरादून पुलिस कंट्रोल रूम को हर्रावाला क्षेत्र में एक संदिग्ध सफेद स्विफ्ट कार (UK08TA-9193) के घूमने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम के पहुंचने पर चालक ने वाहन को तेज गति से पीली कोठी की ओर से हाईवे की तरफ मोड़कर भागने की कोशिश की। इस दौरान उसने हर्रावाला चौकी पर बैरियर तोड़ दिया और हरिद्वार की ओर फरार हो गया।
एसएसपी के निर्देश पर सभी चेक पोस्टों को अलर्ट कर दिया गया। पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर आरोपी की कार कुआंवाला से लगभग एक किलोमीटर आगे हाईवे किनारे एनएच बोर्ड से टकरा गई। इसके बाद आरोपी जंगल की ओर भाग गया और कथित रूप से पुलिस टीम पर फायरिंग की। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें वह घायल हो गया।
घटनास्थल से आरोपी के पास से एक देशी तमंचा (315 बोर), दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। मौके पर मिली स्विफ्ट कार को पुलिस ने सीज कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान क्रान्तानाथ पुत्र मौसमनाथ, निवासी सपेरा बस्ती, घिस्सुपुरा, थाना पथरी, हरिद्वार (उम्र 26 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह कोतवाली डोईवाला और रानीपोखरी क्षेत्र में चोरी के मामलों में वांछित था और उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित कुल सात मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। देहरादून पुलिस ने कहा है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
इसी तरह की एक अन्य घटना में थाना राजपुर क्षेत्र में रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी हत्याकांड से जुड़े दो फरार आरोपियों को भी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया था। इस कार्रवाई के दौरान एक आरोपी घायल हुआ, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके से एक पिस्टल भी बरामद की गई थी, और वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पूछताछ की थी।


