उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के 26वें वर्ष के समारोह में शामिल होने पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को देहरादून में आयोजित जनसभा में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत भाजपा नेताओं ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। राज्योत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अमित शाह ने राज्य आंदोलनकारियों को नमन किया और उत्तराखंड में एक बार फिर भाजपा सरकार बनने का दावा किया। इस दौरान 1475 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया गया।
जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री एवं उत्तराखंड राज्य के निर्माता स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को याद किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोग अलग राज्य के लिए वर्षों तक संघर्ष करते रहे। राज्य आंदोलन के दौरान हुए अत्याचारों और रामपुर तिराहा कांड का उल्लेख करते हुए उन्होंने आंदोलनकारियों को नमन किया। शाह ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर राज्य आंदोलन के दौरान युवाओं पर अत्याचार करने का आरोप लगाया।
जनसभा में अमित शाह ने उपस्थित लोगों का अभिवादन करते हुए कहा कि यहां से राहुल गांधी तक आवाज पहुंचनी चाहिए कि उत्तराखंड में इस बार भी भाजपा की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने विजय संकल्प के साथ जय श्रीराम के नारे भी लगवाए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आगामी कुंभ मेले के मद्देनजर अमित शाह को गंगाजल भेंट किया। कार्यक्रम में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश की जनता समझ चुकी है कि कांग्रेस के नेता भ्रम फैलाकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहे हैं। राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि यहां छात्रों की गूंज नहीं, बल्कि झूठ की गूंज का कार्यक्रम किया गया।
धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सख्त नकलरोधी कानून लागू कर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए हैं। मदरसा बोर्ड समाप्त कर अल्पसंख्यक विकास प्राधिकरण का गठन किया गया है, जिससे सभी को समान शिक्षा के अवसर मिल सकें।
अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने दोषियों को सजा दिलाई है, जबकि कांग्रेस इस मामले को लेकर जनता के बीच गलत प्रचार कर रही है। उन्होंने कांग्रेस पर अपने शासनकाल में महिलाओं के खिलाफ हुए अत्याचारों और जेनी जैसे मामलों को भूलने का आरोप भी लगाया।



